ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को तीसरे वनडे में 276 रनों से रौंदा, कूपर कोनोली ने 5 विकेट लेकर तोड़ा ऐतिहासिक रिकॉर्ड।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में ऐसी तूफानी जीत दर्ज की, जिसने वर्ल्ड क्रिकेट को हैरान कर दिया। पहले बल्ले से रनों की बरसात और फिर गेंद से कहर बरपाते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 276 रनों से साउथ अफ्रीका को करारी शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे 22 साल के युवा स्पिनर कूपर कोनोली, जिन्होंने 38 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया।
ऑस्ट्रेलिया का बल्लेबाजी तूफान
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने केवल 2 विकेट खोकर 431 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 250 रनों की धमाकेदार साझेदारी की। हेड ने 103 गेंदों पर 17 चौके और 5 छक्कों की मदद से 142 रन ठोके, जबकि मार्श ने 106 रनों की शानदार कप्तानी पारी खेली।
इसके बाद कैमरन ग्रीन और एलेक्स कैरी ने तीसरे विकेट के लिए 164 रनों की नाबाद साझेदारी कर स्कोर को और ऊंचा किया। ग्रीन ने महज 55 गेंदों पर 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 118 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि कैरी ने 50 रन बनाए।
कूपर कोनोली ने बरपाया कहर
432 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने पूरी तरह ढह गई। पूरी टीम महज 24.5 ओवर में 155 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इस तबाही के सबसे बड़े हीरो रहे 22 साल के स्पिनर कूपर कोनोली, जिन्होंने 6 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 5 विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
38 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
कूपर कोनोली ने इस प्रदर्शन के साथ 38 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया। वह वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 5 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए। उन्होंने 1987 में क्रेग मैकडरमोट का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 22 साल 204 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में 5 विकेट लिए थे।
ODI में सबसे कम उम्र में 5 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज:
- 22 साल 2 दिन – कूपर कोनोली बनाम साउथ अफ्रीका, 2025
- 22 साल 204 दिन – क्रेग मैकडरमोट बनाम पाकिस्तान, 1987
- 22 साल 211 दिन – मिचेल स्टार्क बनाम पाकिस्तान, 2012
साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी हार
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने न सिर्फ साउथ अफ्रीका को 276 रनों से हराया, बल्कि 1991 के बाद उनकी सबसे बड़ी वनडे हार भी दी। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में भारत का एक रिकॉर्ड भी तोड़ा, जिसके बारे में आप यहां पढ़ सकते हैं।