नई दिल्ली: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड ने एक बार फिर पुराना विवाद जगा दिया है। इस सीरीज में आर्यन के ड्रग्स केस से जुड़े पूर्व NCB अफसर समीर वानखेड़े के हमशक्ल का एक सीन दिखाया गया है, जिससे समीर भड़क गए हैं। अब उन्होंने शाहरुख खान, गौरी खान और उनके प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है।
शाहरुख के खिलाफ मानहानि का केस
समीर वानखेड़े ने NCB मुंबई के पूर्व जोनल डायरेक्टर के तौर पर शाहरुख और गौरी के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एएनआई ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी शेयर की है। याचिका में OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को भी निशाने पर लिया गया है। समीर का कहना है कि सीरीज में उनके हमशक्ल को दिखाकर उनकी छवि खराब की गई है। यह सीन झूठा है और उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का मकसद था।
समीर और आर्यन का पुराना विवाद
यह विवाद नया नहीं है। 2022 में शाहरुख के बेटे आर्यन खान को कॉर्डेलिया क्रूज पर रेव पार्टी के दौरान NCB ने हिरासत में लिया था। समीर वानखेड़े उस वक्त NCB मुंबई के जोनल डायरेक्टर थे। आर्यन का मामला हाई-प्रोफाइल होने की वजह से पूरे देश में सुर्खियां बटोर चुका था। तभी से शाहरुख परिवार और समीर के बीच तनाव चल रहा है। अब आर्यन की इस वेब सीरीज ने आग में घी डाल दिया है।
समीर की तरफ से यह एक्शन सीरीज के खिलाफ पहला कदम है। अब शाहरुख खान की टीम का क्या जवाब आएगा, यह तो कोर्ट की सुनवाई के बाद ही साफ होगा। फिलहाल, यह मामला बॉलीवुड और कानूनी दुनिया में चर्चा का विषय बन चुका है।
