लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के गणेशपुर रहमानपुर निवासी रोशन यादव बुधवार को कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकला, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक उसके न पहुंचने पर परिवार वाले चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने चिनहट पुलिस को इसकी सूचना दी। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और युवक की तस्वीर लखनऊ समेत आसपास के जिलों के थानों में भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि रोशन की खोज के लिए पुलिस टीमें तैनात कर दी गई हैं।
वहीं, रोशन के लापता होने से उसका परिवार सदमे में है। परिजनों को उसकी सुरक्षा को लेकर आशंका सता रही है। रिश्तेदार और पड़ोसी उसकी सलामती की दुआएं मांग रहे हैं।
