बिग बॉस 19 का रोमांच अपने चरम पर है! जहां कुछ कंटेस्टेंट्स पहले दिन से ही अपने रंग दिखा रहे हैं, वहीं कुछ अभी भी सेफ गेम खेलने में लगे हैं। पिछले हफ्ते बसीर अली ने बॉस मीटर का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन इस बार दर्शकों ने एक ऐसे अंडरडॉग को ‘हाउस का बॉस’ बनाया है, जिसके नाम का अंदाजा लगाना भी मुश्किल था। जी हां, इस हफ्ते का बॉस मीटर विनर है मृदुल तिवारी! आइए जानते हैं इस हैरान करने वाली जीत की पूरी कहानी।
बिग बॉस 19 में क्या है माजरा
24 अगस्त को शुरू हुए सलमान खान के विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 19 ने अब अपने तीसरे हफ्ते में कदम रख दिया है। इस सीजन में 16 कंटेस्टेंट्स ने शुरुआत की थी, लेकिन शहनाज गिल के भाई शहबाज बदेशा की वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद अब घर में 17 लोग हैं। कुछ कंटेस्टेंट्स, जैसे बसीर अली, जीशान और अमाल मलिक, अपनी बेबाक राय और गेमप्ले से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। वहीं, कुछ ऐसे भी हैं, जो प्रीमियर डे पर बड़े-बड़े दावे करके आए थे, लेकिन दो हफ्तों में कहीं गायब से हो गए।
बॉस मीटर में मृदुल ने मारी बाजी
हर हफ्ते बिग बॉस में नॉमिनेशन, एलिमिनेशन और कैप्टेंसी टास्क के साथ-साथ सोशल मीडिया पर एक खास कॉन्टेस्ट होता है, जिसे ‘बॉस मीटर’ कहते हैं। इस कॉन्टेस्ट में मेकर्स 5 कंटेस्टेंट्स को नॉमिनेट करते हैं और दर्शकों से पूछते हैं कि उनके हिसाब से हफ्ते का असली बॉस कौन है। इस बार बॉस मीटर के लिए नॉमिनेट हुए कंटेस्टेंट्स थे- गौरव खन्ना, अभिषेक बजाज, मृदुल तिवारी, अमाल मलिक और अश्नूर कौर।
गौरव, अमाल और अभिषेक जैसे दिग्गजों को पछाड़कर पहले अश्नूर और मृदुल फाइनलिस्ट बने। लेकिन आखिरी बाजी मारी मृदुल तिवारी ने! जियो हॉटस्टार ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर ऐलान किया कि इस हफ्ते घर का असली बॉस मृदुल है।
मृदुल तिवारी का बिग बॉस में सफर
मृदुल तिवारी का बिग बॉस 19 में अब तक का सफर कुछ खास नहीं रहा है। पहले हफ्ते वह ज्यादातर नटालिया के आसपास ही नजर आए। दूसरे हफ्ते में कुनिका सदानंद ने उन्हें नॉमिनेशन में डाला, तो वह थोड़े एक्टिव हुए, लेकिन जल्दी ही फिर से शो में गायब से हो गए। शहबाज की वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद ऐसा लगा कि मृदुल अब गेम में तेजी दिखाएंगे, लेकिन एक छोटी-सी लड़ाई के बाद वह तीसरे हफ्ते में फिर से बैकग्राउंड में चले गए।
भले ही मृदुल का गेम अभी पूरी तरह सामने नहीं आया हो, लेकिन बाहर की दुनिया में उनकी फैन फॉलोइंग जबरदस्त है। दर्शकों ने उन्हें इस हफ्ते बॉस मीटर का विनर बनाकर साबित कर दिया कि वह घर के बाहर भी लोगों के दिलों में छाए हुए हैं।
क्या मृदुल बदल पाएंगे अपना गेम
मृदुल की इस जीत ने हर किसी को चौंका दिया है। अब सवाल ये है कि क्या वह इस पॉपुलैरिटी को घर के अंदर अपने गेम में बदल पाएंगे? या फिर वह अंडरडॉग बनकर ही शो में बने रहेंगे? बिग बॉस 19 में आगे क्या ट्विस्ट आएंगे, ये देखना दिलचस्प होगा।
