दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि वह हर विधानसभा क्षेत्र में “आपकी मुख्यमंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई करेंगी। हाल ही में उन पर हुए जानलेवा हमले के बावजूद उन्होंने साफ कहा कि वह दिल्लीवासियों की समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और किसी डर से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि दिल्ली के विकास के लिए उनका काम बिना रुके जारी रहेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा फैसला लेते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में जनसुनवाई करने का ऐलान किया है। “आपकी मुख्यमंत्री, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत वह अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिलेंगी और उनकी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगी।
बुधवार सुबह उनके कैंप कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान गुजरात के राजकोट के एक शराब तस्कर ने उन पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले के कुछ घंटों बाद ही उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके साफ कर दिया कि वह पहले की तरह ही जनसुनवाई करती रहेंगी और दिल्लीवासियों की समस्याओं को गंभीरता से हल करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगी। गुरुवार को उन्होंने “आपकी मुख्यमंत्री, आपके द्वार” कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की।
गुरुवार सुबह केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल और बांसुरी स्वराज ने मुख्यमंत्री आवास पर जाकर रेखा गुप्ता से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुलाकात के बाद हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “मुख्यमंत्री एक-दो दिन में अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।” उन्होंने सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि हमेशा अपने सुरक्षाकर्मियों से कहते हैं कि आम लोगों और कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने का मौका दिया जाए।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, “पिछले छह महीनों में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के विकास के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही हैं। इससे कुछ लोग परेशान हैं।” उन्होंने बताया कि पुलिस इस हमले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इसके पीछे की साजिश का खुलासा होगा।