‘कल्कि 2898 एडी’ के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। फिल्म के मेकर्स ने ऐलान किया है कि बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण अब इसके सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी।
मेकर्स ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “लंबे समय तक विचार करने के बाद हमने अलग होने का फैसला लिया है। पहली फिल्म की शानदार यात्रा के बावजूद, हम दीपिका के साथ सही तालमेल नहीं बना पाए। ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी फिल्म को पूरे समर्पण और उससे भी ज्यादा की जरूरत है। हम दीपिका को उनके भविष्य के प्रोजेक्ट्स के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
इस मेगा-बजट साइंस-फिक्शन फिल्म में प्रभास और अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। डायरेक्टर नाग अश्विन इस सीक्वल को और भी भव्य बनाने की तैयारी में हैं।
पहली फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ 27 जून 2024 को रिलीज हुई थी। इसकी कहानी महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध से शुरू होकर 2898 एडी के भविष्य तक जाती है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया और दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। दीपिका ने इस फिल्म में SUM-80 यानी सुमति का किरदार निभाया था, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया।
‘स्पिरिट’ से भी बाहर हुई थीं दीपिका
यह पहली बार नहीं है जब दीपिका किसी बड़े प्रोजेक्ट से बाहर हुई हैं। इससे पहले वह संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से भी बाहर हो चुकी हैं। खबरों के मुताबिक, दीपिका ने आठ घंटे की शिफ्ट, मोटी फीस, प्रॉफिट में हिस्सा और तेलुगु डायलॉग न बोलने जैसी शर्तें रखी थीं। सितंबर 2024 में मां बनने के बाद वह हफ्ते में सिर्फ पांच दिन और आठ घंटे काम करना चाहती थीं। इन शर्तों से डायरेक्टर संदीप खुश नहीं थे, जिसके चलते दीपिका को फिल्म से हटा दिया गया।
